आजमगढ़: सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन में हुआ अंतर-शाखा वक्तृत्व प्रतियोगिता...कालीचौरा शाखा बनी विजेता !




आजमगढ़। सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन, कालीचौरा में गुरुवार को अंतर-शाखा वक्तृत्व प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स समूह की विभिन्न शाखाओं के छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिब्ली नेशनल कॉलेज की प्रोफेसर स्मृता राय, सेंट जेवियर्स समूह की निदेशिका स्नेहा चंद्रा, विद्यालय की प्रधानाचार्या यामिनी अरोड़ा तथा सीएओ साक्षी बिसेन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्या यामिनी अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतियोगिता का वास्तविक उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और मंच संचालन का विकास करना है। उन्होंने कहा, प्रतियोगिता में जो भी जीते, प्रत्येक बच्चा पहले से ही विजेता है, और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, स्पष्ट उच्चारण और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के वक्तृत्व कौशल, प्रस्तुति शैली और मंचीय आत्मविश्वास की सराहना की।
प्रतियोगिता के परिणामों में सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन, कालीचौरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट जेवियर्स स्कूल, सम्मोपुर दूसरे तथा सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, समेंदा तीसरे स्थान पर रहा। सेंट जेवियर्स समूह के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में संवाद कौशल, तार्किक सोच और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
समापन पर मुख्य अतिथि स्मृता राय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजन की सफलता में टीम मैनेजरों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के अनुशासन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments