गुरु-शिष्य परंपरा हुई शर्मसार: स्कूल प्रबंधक पर छात्रा ने लगाया संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप !

बातचीत का ऑडियो वायरल; परिजनों की तहरीर पर पाक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज! 


गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र में गुरु-शिष्य परंपरा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल के प्रबंधक पर उसी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा से कथित रूप से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और इसके बदले उसका भविष्य संवारने का लालच देने का आरोप लगा है। घटना से संबंधित बताया जा रहा ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
भविष्य बनाने का दिया लालच
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करीब कुछ समय के ऑडियो में स्कूल प्रबंधक और छात्रा के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। इसमें प्रबंधक छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता सुनाई दे रहा है। इसके बदले वह छात्रा को शहर में रखकर पढ़ाने, उसका खर्च उठाने और भविष्य बनाने का कथित तौर पर आश्वासन देता है।
छात्रा बातचीत के दौरान इस तरह की शर्त मानने से इनकार करती सुनाई दे रही है। वह कहती है कि उसे अपना भविष्य बनाना है, लेकिन इस तरह नहीं। इसके बावजूद आरोपित कथित रूप से उस पर दबाव बनाने का प्रयास करता है। हालांकि, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने भी जांच के बाद ही ऑडियो में आवाज और बातचीत की वास्तविकता स्पष्ट होने की बात कही है।
कई दिनों से परेशान करने का आरोप
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधक पिछले कई दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। शुरुआत में छात्रा ने परिवार के लोगों को इस बारे में कुछ नहीं बताया। बाद में उसने अपने साथ हो रही कथित घटना की जानकारी स्वजन को दी।
इसी बीच बातचीत का ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। परिजनों का कहना है कि ऑडियो वायरल होने के बाद उनकी बेटी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, जिससे परिवार की परेशानी और बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने गोला थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ तहरीर दी।
गांव का ही रहने वाला है आरोपित
परिजनों के अनुसार, आरोपित स्कूल प्रबंधक छात्रा के गांव का ही रहने वाला है। इसी कारण छात्रा और उसके परिवार से उसका परिचय पहले से था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पुलिस ने शिकायत से किया था इनकार
ऑडियो के प्रसारित होने के शुरुआती दौर में पुलिस का कहना था कि इस संबंध में थाने पर कोई शिकायत नहीं आई है और वायरल ऑडियो की पुष्टि भी नहीं हुई है। इसलिए तत्काल इस मामले में कोई जानकारी देने से पुलिस ने परहेज किया था। बाद में छात्रा के परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश
सीओ गोला दरवेश कुमार ने बताया कि छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के साथ आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब वायरल ऑडियो की सत्यता, उसमें मौजूद आवाज की पहचान और बातचीत के पूरे संदर्भ की भी जांच कर रही है। छात्रा के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment

0 Comments