प्रेमिका के 18 टुकड़े कर लाल ट्रॉली बैग में रखकर तमिलनाडु एक्सप्रेस से आगरा भेजा... CCTV ने ऐसे खोला पति-पत्नी का राज!



आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच से बरामद लाल ट्रॉली बैग में मिले महिला के शव की गुत्थी करीब 20 दिन बाद सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। जांच में मृतका की पहचान ओडिशा निवासी 45 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसकी हत्या उसके प्रेमी मणिकउद्दीन लश्कर ने अपनी पत्नी भगवती मांझी के साथ मिलकर की।
घटना पांच अगस्त की है। ट्रेन के आगरा कैंट पहुंचने पर यात्रियों ने लाल ट्रॉली बैग से खून रिसता देखा। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। बैग खोलने पर महिला के शव के करीब 18 टुकड़े पॉलीथिन में पैक मिले। जांच में पता चला कि बैग चेन्नई रेलवे स्टेशन से ट्रेन में रखा गया था। CCTV फुटेज में एक पुरुष और महिला बैग ले जाते दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मृतका की पहचान हुई।
पुलिस के अनुसार, हयातुन निशा और मणिकउद्दीन के बीच प्रेम संबंध थे। विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हत्या की और शव को टुकड़ों में काटकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। जांच के दौरान चेन्नई स्थित आरोपी के घर से भी शव के कुछ हिस्से मिलने की जानकारी सामने आई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी पति-पत्नी फरार हो गए। आगरा कैंट जीआरपी के अनुसार, मामले की जांच अब चेन्नई पुलिस को सौंप दी गई है। CCTV और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह और पूरी साजिश का विस्तृत खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments