आजमगढ़। लालगंज तहसील परिसर स्थित उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि एक महिला समेत कुछ लोगों ने अधिवक्ता और उनके मुवक्किल के साथ हाथापाई कर दी। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव निवासी कंचन पाठक ने करीब एक वर्ष पूर्व उर्मिला पत्नी रामआलम से लगभग 21 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। इसी जमीन को लेकर रामवृक्ष पुत्र संता प्रसाद और रामाश्रय राय पुत्र शांता प्रसाद राय के पक्ष में न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) जारी है।
शुक्रवार को दोनों पक्ष उप जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। सुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक स्थगन आदेश प्रभावी है, तब तक कोई भी पक्ष संबंधित भूमि पर कोई कार्य नहीं करेगा।
आरोप है कि सुनवाई के बाद दोनों पक्ष कार्यालय से बाहर निकले तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान कंचन पाठक और उनके पति संजय पाठक पर अधिवक्ता शीतला प्रसाद तथा उनके मुवक्किल के साथ हाथापाई करने का आरोप लगा। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और तहसील परिसर में भारी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कंचन पाठक, उनके पति संजय पाठक समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया।
दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट नागेंद्र सिंह, एडवोकेट विंध्यवासिनी राय, एडवोकेट हामिद अली सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक मामले में तहरीर दी जा रही थी और पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी थी।

0 Comments