गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की भीमनगर कॉलोनी में दो सगे बेटों ने कथित रूप से अपने माता-पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जिस दिन माता-पिता ने बड़े बेटे की लंबी उम्र की कामना करते हुए कीर्तन कराया था, उसी रात दोनों बेटों ने मिलकर उनकी जान ले ली।पुलिस के अनुसार, मृतक गंगाशरण (55) और उनकी पत्नी विमलेश (50) मूल रूप से बुलंदशहर जिले के सठला कस्बे के निवासी थे। गंगाशरण पत्र वितरक होने के साथ डेयरी का भी संचालन करते थे। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
शराब के नशे में हुआ खूनी विवाद
पुलिस जांच के मुताबिक, सोमवार देर रात दोनों बेटे ललित (27) और दीपक (25) शराब के नशे में घर पहुंचे। नशे की हालत देखकर पिता ने उन्हें फटकार लगाई, जिससे विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दोनों बेटों ने पहले पिता और बीच-बचाव करने आई मां पर हमला कर दिया। दोनों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा गया। रात करीब एक बजे पहली मंजिल पर रहने वाले किरायेदार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटी ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
मृतक दंपती की बेटी ज्योति की तहरीर पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। ज्योति का आरोप है कि दोनों भाई अक्सर संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, दंपती के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। आरोपियों के मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
पूरे इलाके में शोक और आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पड़ोसियों के अनुसार, गंगाशरण और विमलेश अपने बेटों से बेहद स्नेह करते थे। सोमवार को बड़े बेटे का जन्मदिन मनाते हुए उन्होंने उसके लिए कीर्तन कराया और लंबी उम्र की कामना की थी। कुछ ही घंटों बाद उसी बेटे पर छोटे भाई के साथ मिलकर माता-पिता की हत्या करने का आरोप लगा, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।

0 Comments