विधायक आलमबदी आज़मी का निधन...आज शाम 4 बजे होंगे सुपुर्द-ए-खाक




आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से लगातार कई बार विधायक रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आलमबदी आज़मी का बुधवार देर रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने आजमगढ़ शहर के मातबरगंज स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। वे लगभग 92 वर्ष के थे। 
आलमबदी आज़मी पूर्वांचल की राजनीति का एक सम्मानित चेहरा थे। अपनी सादगी, सहज व्यवहार और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के कारण वे सभी दलों के नेताओं और आम लोगों में लोकप्रिय थे। उन्होंने लंबे समय तक निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे। राजनीति में आने से पहले वे बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर रहे थे।
विधायक के निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर समर्थकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का तांता लग गया। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
परिजनों के अनुसार, आज शाम 4:00 बजे उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
आलमबदी आज़मी के निधन से आजमगढ़ ही नहीं, पूरे पूर्वांचल की राजनीति ने एक अनुभवी, सरल और जनप्रिय नेता को खो दिया है। उनके निधन को सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। 

Post a Comment

0 Comments