NEET-2026 में सफलता पाने वाले मेधावियों का सर्वोदय पब्लिक स्कूल में सम्मान...सफलता में परिवार का महत्वपूर्ण योगदान !


आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल परिसर में मंगलवार को NEET-2026 में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले विद्यालय के पूर्व छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन ने मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के छात्र प्रशांत यादव ने ऑल इंडिया रैंक 3617, अनुज यादव ने 13353, शरद यादव ने 15149, सिद्धांत यादव ने 20580 तथा सौरभ यादव ने 22111 रैंक प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, निदेशिका कंचन यादव, प्रधानाचार्या सुकांक्षा अवस्थी तथा उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने वर्तमान छात्रों से इन मेधावियों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या सुकांक्षा अवस्थी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनेंगे और अन्य छात्र भी उनसे प्रेरणा लेकर सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।

Post a Comment

0 Comments