लखनऊ। प्रदेश सरकार ने मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से श्रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजनाश् को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण योजना सहित कुल 16 प्रस्तावों पर मुहर लगी। योजना के तहत प्रदेश की लगभग 50 हजार छात्राओं को निशुल्क पेट्रोल चालित स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही हेलमेट, वाहन का पंजीकरण, बीमा, आवश्यक एक्सेसरीज़ और पांच लीटर पेट्रोल भी सरकार उपलब्ध कराएगी।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके तहत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष की शीर्ष पांच प्रतिशत छात्राओं को लाभ मिलेगा। योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होगी।
सरकार ने दिव्यांग, शहीद तथा निराश्रित परिवारों की छात्राओं को विशेष प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। इन वर्गों की छात्राओं के लिए स्नातक उत्तीर्ण होना ही पात्रता मानी जाएगी।
योजना के तहत दी जाने वाली सभी स्कूटियों की खरीद गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। कैबिनेट ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शोध पीठों की स्थापना तथा महिला छात्रावासों के निर्माण के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से छात्राओं को उच्च शिक्षा में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक आयोजित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की।

0 Comments