आजमगढ़ के आदित्य का निशाना फिर सटीक...दिल्ली में जीते 4 पदक; दो स्वर्ण समेत रचा नया कीर्तिमान !





आजमगढ़। जिले के होनहार निशानेबाज आदित्य विक्रम सिंह ने एक बार फिर अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया। नई दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर कुल चार पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के बाद जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आदित्य की लगातार सफलताओं ने यह साबित कर दिया है कि वह भारतीय शूटिंग के उभरते सितारों में शुमार हैं। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच सत्यम सिंह और सभी शुभचिंतकों को दिया।
आदित्य के पिता रणजीत सिंह, जो प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर (शिक्षा क्षेत्र जहानागंज) में प्रधानाध्यापक हैं, ने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है। उन्होंने आदित्य को आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
आदित्य की इस ऐतिहासिक सफलता पर जहानागंज ब्लॉक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री शिवप्रकाश चौबे, डॉ. विवेक सिंह, विकास सिंह, यशवंत सिंह, भूपेन्द्र मिश्रा समेत अनेक शिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


पहले भी लहरा चुके हैं जीत का परचम
यह पहली बार नहीं है जब आदित्य ने जिले का गौरव बढ़ाया हो। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में आयोजित 50वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक तथा जयपुर (राजस्थान) में आयोजित 48वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। अब 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में चार पदक जीतकर उन्होंने सफलता की इस स्वर्णिम यात्रा को नई ऊंचाई दे दी है।

Post a Comment

0 Comments