STF मुठभेड़ में आजमगढ़ का ₹1 लाख का इनामी बदमाश ढेर, बसपा नेता कलामुद्दीन हत्याकांड का मुख्य आरोपी था मुस्तफिजुल



गोरखपुर/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और गोरखपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ में आजमगढ़ के ₹1 लाख के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को मार गिराया। वह आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के खुंदनपुर गांव का निवासी था और चर्चित बसपा नेता कलामुद्दीन हत्याकांड का मुख्य आरोपी था।
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मुस्तफिजुल किसी वारदात को अंजाम देने के लिए कुशीनगर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र स्थित रामनगर-कड़जहां फोरलेन के पास संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एसटीएफ का एक मुख्य आरक्षी गोली लगने से घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुस्तफिजुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायल मुख्य आरक्षी का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक मुस्तफिजुल पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 10 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह महाराष्ट्र के अमरावती से पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश सरकार ने ₹1 लाख का इनाम घोषित कर रखा था।
बसपा नेता कलामुद्दीन की हत्या के बाद से एसटीएफ और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक अवैध हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को पूर्वांचल में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

Post a Comment

0 Comments