जौनपुर : चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहा एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके में हुई। इस दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लग गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। रवि का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आजाद बिंद हत्याकांड में वांछित रवि यादव अपने एक साथी के साथ खेतासराय क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर कई थानों की फोर्स ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई पड़े। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में रवि यादव के सीने में गोली लगी। पुलिस उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि एक मई को खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव में बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने कई आरोपियों पर कार्रवाई की थी। रवि यादव, प्रदीप बिंद और शोले राजभर पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसपी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

0 Comments