आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज के पीछे बसे कृष्णा नगर कॉलोनी में एक ऐसा विवाद सामने आया है जिसने स्थानीय लोगों को भय और असहायता की स्थिति में डाल दिया है। कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बेची गई जमीनों के बीच बने रास्तों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया है कि दो पक्षों ने एक-दूसरे के रास्ते बंद कर दिए।
इस विवाद के चलते कॉलोनी के आम निवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि अब बच्चों का स्कूल जाना, रोज़मर्रा की जरूरतों के लिए बाहर निकलना, यहां तक कि घर तक वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय अधिवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि “हमें प्रॉपर्टी डीलरों ने कॉलोनी में जमीन बेचकर ठगा है। उन्होंने कॉलोनी के मानचित्र और रास्तों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। अब जब रास्तों पर विवाद हुआ है, तो आम नागरिक फंस गए हैं और डीलरों ने कोई जिम्मेदारी नहीं ली।”
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर प्रशासन और पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में आक्रोश इतना बढ़ गया है कि उन्होंने अपने घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर तक लगा दिए हैं। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनी में बने रास्तों का सर्वे कराकर वैध और स्थायी मार्ग निर्धारित किया जाए, ताकि स्थानीय लोग राहत की सांस ले सकें।
स्थानीय नागरिकों का बयान: “हम लोग रोज़ झगड़ों और बहसों के बीच फंसे हैं। रास्ते बंद होने से जैसे कैद की ज़िंदगी हो गई है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे और महिलाएं भी घर से निकलने में डर रही हैं।”

0 Comments