लखनऊ/मथुरा। मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करीब 15 साल पहले पत्नी और बच्चों को छोड़कर चला गया पति अचानक साधु के वेश में वापस लौटा तो पत्नी ने उसे पकड़कर बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला का विवाह करीब 19 वर्ष पहले मांट थाना क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। युवक मूल रूप से पंजाब के पठानकोट और जालंधर में एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता था। आरोप है कि नौकरी के दौरान उसकी कंपनी में काम करने वाली एक महिला से उसके संबंध बन गए, जिसके बाद उसने अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़ दिया और उसके साथ रहने लगा। पीड़ित महिला का कहना है कि शुक्रवार को उसे सूचना मिली कि उसका पति साधु के वेश में राया क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना मिलते ही महिला अपने परिचितों और स्थानीय लोगों के साथ उसकी तलाश में निकल पड़ी।
बताया जा रहा है कि मांट रेलवे क्रॉसिंग के पास महिला और स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया। इस दौरान भीड़ ने उसकी कार का शीशा भी तोड़ दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के चलते सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साधु वेशधारी व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

0 Comments