आजमगढ़: प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ी किशोरी...और फिर!



फूलपुर/आजमगढ़। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को प्रेम प्रसंग को लेकर एक किशोरी के हाईवोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाइश देकर किशोरी को नीचे उतारा और उसे अपने साथ कोतवाली ले गई। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में दिन भर चर्चा होती रही।
जानकारी के अनुसार दीदारगंज क्षेत्र के बैरकडीह गांव की उत्तर दिशा स्थित सीवान में मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे नटौली गांव की अनुसूचित बस्ती की एक किशोरी अचानक हाईवोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी से विवाह करने की जिद पर अड़ी हुई थी। घटना को सबसे पहले आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा और शोर मचाया। देखते ही देखते आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और बार-बार अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करती रही।
हाईवोल्टेज खंभे पर किशोरी के चढ़ने से लोगों में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस कर्मियों ने भी काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। अंततः पुलिस ने किशोरी को आश्वासन दिया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसके प्रेमी से विवाह के संबंध में उचित कार्यवाही की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद किशोरी ने भरोसा जताते हुए खंभे से नीचे उतरने का निर्णय लिया।
किशोरी के नीचे उतरते ही पुलिस उसे अपने साथ शाहगंज कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर पूरे इलाके में दिन भर चर्चा का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments