आजमगढ़: द्वारपूजा के बाद दूल्हे का हाथ देख कर भड़के लोग...देर रात तक चली पंचायत, बिना विवाह के लौट गई बारात!




आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के बघावर गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया जब दूल्हे के हाथ की कटी हुई उंगलियों की जानकारी लड़की पक्ष को हुई। इसके बाद वधू पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया और देर रात तक चली पंचायत के बावजूद मामला सुलझ नहीं सका। अंततः बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी युवक की शादी रौनापार थाना क्षेत्र के बघावर गांव की युवती से तय हुई थी। बुधवार 11 मार्च को गाजे-बाजे के साथ बारात बीबीपुर से निकलकर बघावर गांव पहुंची। यहां द्वारपूजा की रस्म भी विधि-विधान से संपन्न करा ली गई थी और विवाह की अन्य तैयारियां चल रही थीं।
इसी दौरान किसी की नजर दूल्हे के हाथ की कटी हुई उंगलियों पर पड़ गई। यह बात फैलते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला धीरे-धीरे विवाद में बदल गया। लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे की शारीरिक स्थिति की जानकारी पहले नहीं दी गई थी और इसे छिपाया गया है। इसी आधार पर वधू पक्ष ने शादी करने से साफ मना कर दिया।
सूचना मिलने पर रौनापार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए पंचायत कराई। देर रात करीब एक बजे तक पंचायत चलती रही, लेकिन वधू पक्ष अपने फैसले पर अडिग रहा और विवाह से इंकार कर दिया।


आखिरकार दोनों पक्षों के बीच आपसी लेन-देन निपटाने के बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Post a Comment

0 Comments