आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर में बम विस्फोट की धमकी मिलने से सोमवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। ईमेल के माध्यम से दी गई धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और एहतियातन पूरे कचहरी परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना मिलते ही अदालत में चल रही कार्यवाही रोक दी गई। वकीलों, कर्मचारियों, वादकारियों और अन्य मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बाहर निकाला गया। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया तथा आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई।
आला अधिकारी मौके पर
सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे परिसर की घेराबंदी कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम ने न्यायालय के हर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, बार रूम, चैंबर और वाहन पार्किंग क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। आसपास के क्षेत्रों में भी चेकिंग और सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।
अफरा-तफरी का माहौल
अचानक मिली धमकी से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाहर बड़ी संख्या में अधिवक्ता और वादकारी जमा हो गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
21 फरवरी तक स्थगित हुईं तारीखें
सुरक्षा कारणों से न्यायालय की सभी निर्धारित तारीखें 21 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने और परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही नियमित कार्यवाही शुरू की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन ईमेल के स्रोत और धमकी की गंभीरता की जांच की जा रही है। पुलिस साइबर सेल भी मामले की तह तक जाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज अफवाह थी या किसी बड़ी साजिश की आहट।

0 Comments