आजमगढ़: संत गणीनाथ पूजनोत्सव में उमड़ा मद्धेशिया समाज, राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर

शोभायात्रा में गूंजे जयकारे, प्रदेश उपाध्यक्ष रतन गुप्ता ने एकजुटता के साथ अधिकारों और प्रतिनिधित्व के लिए सक्रिय होने का किया आह्वान



आजमगढ़। संत शिरोमणि गणीनाथ जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज को संगठित और राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने का संदेश रविवार को मध्यदेशीय (कान्दू) वैश्य महासभा नगर शाखा के पूजनोत्सव में गूंजा। मातबरगंज स्थित राधे साव का गोला, बिहारी जी मंदिर के निकट आयोजित कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग जुटे। हवन-पूजन और ध्वजारोहण के बाद निकली शोभायात्रा में संत गणीनाथ जी के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह हवन-पूजन एवं ध्वजारोहण से हुआ। दोपहर में संत गणीनाथ जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा पुनरू आयोजन स्थल पर पहुंची। रास्ते भर समाज के लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की और संत गणीनाथ जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
प्रदेश उपाध्यक्ष रतन गुप्ता ने कहा कि संत गणीनाथ जी समाज के लिए सेवा, संस्कार, एकता और परस्पर सहयोग के प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए समाज को केवल सामाजिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी भागीदारी मजबूत करनी होगी। उन्होंने कहा कि बिखराव से समाज की आवाज कमजोर होती है, इसलिए आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक भागीदारी के माध्यम से ही समाज अपने अधिकारों और प्रतिनिधित्व की बात प्रभावी ढंग से रख सकता है। युवाओं को विशेष रूप से सामाजिक गतिविधियों में आगे आकर समाज के विकास और संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभानी चाहिए।
शोभायात्रा के समापन के बाद सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। समाज के प्रतिभावान एवं विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। अंत में श्रद्धालुओं को भोजन-प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सभापति रामाशंकर जायसवाल, जिलाध्यक्ष पवन मद्धेशिया, नगर अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, प्रबंधक सोमचंद गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता, सुनील गुप्ता, हरिओम गुप्ता, दिनेश गुप्ता, अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू, राजीव नयन गुप्ता, बलराम गुप्ता, कैलाश गुप्ता, संजय गुप्ता, इंदु प्रकाश गुप्ता, विवेक गुप्ता, आनंद गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments