आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में मंगलवार भोर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह के अनुसार, पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि युवक गणेश प्रतिमा से जुड़े कार्यक्रम और राजभर पंडाल में शामिल होकर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जगदीशपुर के पास कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद कार पलट गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार सत्यम मोदनवाल (20), पुत्र रामवंश और निखिल गुप्ता (17), पुत्र रामफेर गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19), पुत्र अनिल सोनकर ने फूलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में अंश सोनकर (17), पुत्र लालचंद्र, मोदनवाल किशन (18), पुत्र नीरज मोदनवाल, किशन मोदनवाल (20), पुत्र पंकज मोदनवाल, शिक्षक बरनवाल (17), पुत्र त्रिभुवन बरनवाल, अनुराग पांडेय, पुत्र सुनील पांडेय तथा शगुन उर्फ केतुम पांडेय, पुत्र कमलदेव पांडेय घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह और फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

0 Comments