चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव...महिलाओं को हर साल ₹40 हजार देने का एलान !



लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी एलान किया है। सपा की सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने की घोषणा की गई है। पार्टी के अनुसार इस योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी बाद में जारी किए जाने की संभावना है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश और समाज की प्रगति महिलाओं की तरक्की के बिना संभव नहीं है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर सपा सरकार में कई फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम होगी। योजना के तहत हर वर्ष 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और भविष्य में इस राशि को बढ़ाया भी जा सकता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर उन्हें तकनीक से जोड़ने का काम किया गया था। भविष्य में इंटर पास करने वाली बेटियों को भी लैपटॉप देने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए नारी केवल राजनीतिक नारा बनकर रह गई है। उन्होंने महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में आधी आबादी के साथ अन्याय हो रहा है और महिलाओं में असुरक्षा की भावना को दूर करना जरूरी है।
उन्होंने सपा सरकार के दौरान शुरू की गई 102 एंबुलेंस सेवा का उल्लेख करते हुए मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। कहा कि महिलाओं के आने-जाने की सुविधा को बेहतर बनाया जाएगा। छात्राओं को कार्ड के माध्यम से मेट्रो में मुफ्त यात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी बात कही।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा प्रगतिशील सोच के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का काम करती है और पीडीए इसका प्रमुख आधार है। उन्होंने महिलाओं के लिए घोषित 40 हजार रुपये की वार्षिक सहायता योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने इस घोषणा की आलोचना की है। सपा अध्यक्ष ने महिलाओं के लिए बेहतर और विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय बनाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे शौचालयों को सम्मानजनक नाम ‘इज्जतघर’ दिया जाना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments