आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का बुधवार को आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, एडीएम गंभीर सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनपद की 500 महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान सप्रेम भेंट किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन और योजना के शुभारंभ का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की इस पहल का स्वागत किया।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निशुल्क यात्रा
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण की प्रेरणास्रोत रही हैं। इसी भावना के अनुरूप वरिष्ठ महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा योजना का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी बहनों, बेटियों और माताओं के लिए भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक UPSRTC एवं सिटी बसों में एक सहयात्री के साथ तीन दिनों तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने मातृशक्ति का अभिनंदन करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
महिला स्वावलंबन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 8,000 न्याय पंचायतों में डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसमें 50 प्रतिशत डिजिटल एंटरप्रेन्योर महिलाएं होंगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। मिशन शक्ति केंद्रों के साथ शहरों में एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क तथा 1090 और 112 का इंटीग्रेटेड रिस्पांस सिस्टम संचालित है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता तथा सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह के लिए मदद दी जा रही है।
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक और जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने योजना का स्वागत करते हुए इसे महिला सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि निशुल्क टिकट से मातृशक्ति के लिए यात्रा आसान होगी और रक्षाबंधन पर सरकार की यह सौगात महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम मनोज कुमार बाजपेई, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव व अजय सिंह, एआरटीओ अतुल यादव, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

0 Comments