आजमगढ़: लापरवाही पर एसएसपी का डंडा: दो थानाध्यक्ष निलंबित, चार को मिली नई तैनाती!

अहरौला और अतरौलिया के थानाध्यक्षों पर विवेचनाओं में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना का आरोप, विभागीय जांच शुरू



आजमगढ़। विवेचनाओं को लंबित रखना और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी अहरौला व अतरौलिया के थानाध्यक्षों को भारी पड़ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता के आरोप में दोनों थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित है।
निलंबित अधिकारियों में अहरौला के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक मंतोष सिंह और अतरौलिया के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक देवेंद्र नाथ दुबे शामिल हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर थाना स्तर पर विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समय में उनका निस्तारण नहीं करने और विवेचनाओं के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं लेने के आरोप पाए गए। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों के आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना को भी गंभीरता से लिया गया।
एसएसपी की कार्रवाई के बाद दोनों थानों में नई तैनाती की गई है। उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार दुबे को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष अतरौलिया बनाया गया है। वहीं चौकी ब्रह्मस्थान के प्रभारी उपनिरीक्षक राम किशोर शर्मा को थानाध्यक्ष अहरौला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा थानाध्यक्ष जहानागंज रहे उपनिरीक्षक अतुल कुमार मिश्र का स्थानांतरण कर उन्हें थानाध्यक्ष बिलरियागंज बनाया गया है। बिलरियागंज के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्र अब जहानागंज थाने की कमान संभालेंगे।
वहीं पुलिस लाइन में तैनात महिला उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी को प्रभारी चौकी ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक मो. सत्तार का पुलिस लाइन से स्थानांतरण कर थाना मुबारकपुर भेजा गया है। पुलिस विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी की कार्रवाई के बाद महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि विवेचनाओं में लापरवाही, काम में उदासीनता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना पर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments