क्षेत्र की जर्जर सड़कों को बताया प्राथमिक मुद्दा, विकास को लेकर रखी अपनी बात
आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में भाजपा भी अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है। इसी बीच प्रमुख समाजसेवी दीपक राय का नाम भाजपा के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में आया है। निजामाबाद विधानसभा सीट लंबे समय से समाजवादी पार्टी का मजबूत आधार मानी जाती रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के आलम बदी ने यहां से जीत दर्ज की थी। उनके निधन के बाद सपा के सामने नए प्रत्याशी के चयन और अपने पुराने जनाधार को बनाए रखने की चुनौती है। ऐसे राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा के संभावित दावेदारों की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसी क्रम में दीपक राय ने हाल के दिनों में निजामाबाद क्षेत्र में अपनी गतिविधियां बढ़ाई हैं। उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों मां शीतला धाम, दुर्वासा धाम और दत्तात्रेय धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली और विकास की कामना की। मंदिरों में उनके पहुंचने को उनकी चुनावी सक्रियता से जोड़कर भी देखा जा रहा है। समर्थकों के बीच इसे भाजपा से अपनी दावेदारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मीडिया से बातचीत में दीपक राय ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने निजामाबाद-लाहिड़ीह और निजामाबाद-भदुली मार्ग की जर्जर स्थिति को प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि इन मार्गों की स्थिति में सुधार कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़कों की समस्या के समाधान की दिशा में जल्द शुरुआत होगी। दीपक राय ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को लेकर योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा। निजामाबाद में चुनावी माहौल अभी पूरी तरह आकार नहीं ले पाया है, लेकिन संभावित दावेदारों की बढ़ती सक्रियता से सियासी सरगर्मी जरूर बढ़ गई है। ऐसे में आने वाले समय में भाजपा और सपा दोनों दलों की रणनीति तथा प्रत्याशी चयन पर क्षेत्र की राजनीतिक दिशा काफी हद तक निर्भर करेगी।

0 Comments