मथुरा। औरंगाबाद क्षेत्र की कृष्ण धाम कॉलोनी में सोमवार को कूड़ा उठाने को लेकर सफाईकर्मियों और स्थानीय निवासी फौजी सुरेंद्र के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सफाईकर्मियों ने कूड़े से भरी गाड़ी कथित तौर पर सुरेंद्र के मकान के बाहर ही खाली कर दी। घर के बाहर कूड़े का ढेर लगने और दुर्गंध फैलने से कॉलोनी में हंगामे की स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मकान के बाहर बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में कूड़े के ढेर को वहां से हटवाया गया।
बताया जा रहा है कि कूड़ा उठाने को लेकर सफाईकर्मियों और सुरेंद्र के बीच कहासुनी हुई थी। सफाईकर्मियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में लगे कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सफाईकर्मियों ने सुरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कर्मचारियों ने जयभीम के नारे भी लगाए। उनका कहना था कि यदि ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट होती है तो प्रशासन को मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, कूड़ा मकान के बाहर डाले जाने की घटना के बाद कॉलोनी में लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई। पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और दोषी पक्ष के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

0 Comments