आजमगढ़ : हर शनिवार 34 आधार केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप...मोबाइल नंबर से लेकर पता तक करा सकेंगे अपडेट !



आजमगढ़। आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए अब लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। भारतीय डाक विभाग, आजमगढ़ मंडल की ओर से जिले के 34 आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों पर प्रत्येक शनिवार विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में नागरिक नए आधार नामांकन के साथ आधार में विभिन्न जानकारियों को अपडेट करा सकेंगे। प्रवर अधीक्षक डाकघर, आजमगढ़ मंडल ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा और आधार संबंधी सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से 22 अगस्त से प्रत्येक शनिवार विशेष कैंप शुरू किए गए हैं। कैंप में नागरिक नए आधार का नामांकन कराने के साथ ही मोबाइल नंबर, पता, जन्मतिथि और फोटो समेत अन्य आवश्यक विवरणों का अद्यतन करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि आधार में जानकारी अपडेट कराने के इच्छुक नागरिक अपने नजदीकी आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को उनके आसपास ही आधार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रधान डाकघर में दो पालियों में होगी सेवा
प्रधान डाकघर आजमगढ़ में आधार संबंधी कार्य दो पालियों में किए जाएंगे। प्रथम पाली में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक तथा द्वितीय पाली में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आधार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे अलग-अलग समय पर आने वाले नागरिकों को सुविधा मिल सकेगी। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि आधार में मोबाइल नंबर, पता, जन्मतिथि अथवा फोटो आदि में बदलाव की आवश्यकता होने पर विशेष कैंप का लाभ उठाएं। विभाग ने लोगों से आधार संबंधी आवश्यक कार्य समय से पूरा कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं एवं अन्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Post a Comment

0 Comments