आजमगढ़ के स्कूलों में यूट्यूबरों की एंट्री पर रोक...बीएसए ने जारी किए सख्त निर्देश!



आजमगढ़। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बिना अनुमति प्रवेश कर वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति कोई भी यूट्यूबर, वेब चैनल प्रतिनिधि अथवा सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर विद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा और न ही फोटो या वीडियो बना सकेगा।
31 जुलाई को जारी पत्र में कहा गया है कि कुछ बाहरी व्यक्ति विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों और स्कूल की गतिविधियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। इससे न केवल शिक्षकों की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण एवं पठन-पाठन भी बाधित हो रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों के निरीक्षण एवं जांच के लिए पहले से ही अधिकृत अधिकारी नामित हैं, इसलिए किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को विद्यालय में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को निर्देशित किया है कि यदि कोई यूट्यूबर या सोशल मीडिया प्रतिनिधि विद्यालय में आता है तो सबसे पहले उससे विभाग अथवा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी लिखित अनुमति पत्र दिखाने को कहा जाए। यदि वह वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो उसे विद्यालय परिसर में प्रवेश न दिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई कराई जाए।
आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, डायट प्राचार्य, सहायक शिक्षा निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। आदेश जारी होने के बाद जिले के शिक्षकों में इसे लेकर व्यापक चर्चा है। शिक्षक संगठनों ने इसे विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों की गरिमा की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Post a Comment

0 Comments