आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के अभियान के तहत प्रशासन ने चार अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें चार माह के लिए जिला बदर कर दिया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट (भू-राजस्व) ने थाना सिधारी, मुबारकपुर, कप्तानगंज और पवई पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के अंतर्गत यह आदेश जारी किया है।
जिला बदर किए गए आरोपितों में सिधारी थाना क्षेत्र के विशाल यादव, मुबारकपुर के राजन सिंह, कप्तानगंज के प्रिंस गुप्ता तथा पवई के जान मोहम्मद उर्फ जानू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी के विरुद्ध चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट, अपहरण, हत्या समेत विभिन्न गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

0 Comments