यूपी में मानसून फिर सक्रिय, इन 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट



लखनऊ। प्रदेश में उमस भरी गर्मी के बीच मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने सोमवार से उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना जताते हुए 19 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 48 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने तथा बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने के कारण 27 से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। रविवार को तराई क्षेत्र में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बांदा, उरई, बरेली और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बहराइच और लखीमपुर खीरी में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments