आजमगढ़। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र के एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क के साथ-साथ उसके आजमगढ़ आने के उद्देश्य की भी गहन जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाफिजपुर चौराहे से बद्दोपुर मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध असलहे के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर रात लगभग 11:20 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबू तालिब शेख (35 वर्ष) पुत्र निवासी संजय गांधी नगर, थाना सर जे.जे. मार्ग, जिला बृहन्मुंबई (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर) तथा एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मु.अ.सं. 374/2026 के तहत धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
महाराष्ट्र का हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अबू तालिब शेख महाराष्ट्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ बृहन्मुंबई के सर जे.जे. मार्ग थाने में वर्ष 2025 और 2026 के दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी आजमगढ़ किस उद्देश्य से आया था, उसका स्थानीय स्तर पर किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं तथा उसके अन्य सहयोगी भी जनपद में सक्रिय हैं या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

0 Comments