आजमगढ़। प्रतिभाओं की धरती आजमगढ़ ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी पहचान मजबूत की है। जनपद की होनहार एथलीट आशिनी देव यादव ने सीआईएससीई रीजनल एथलेटिक मीट (गर्ल्स) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर जिले, वाराणसी जोन और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है।
आशिनी देव यादव, सामाजिक न्याय एवं बाल भवन केंद्र, आजमगढ़ के निदेशक रामजनम यादव की एकमात्र पुत्री हैं तथा ज्योति निकेतन स्कूल की छात्रा हैं।
इससे पहले 14-15 मई 2026 को वाराणसी स्थित बीएलडब्ल्यू में आयोजित जोनल प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग में उन्होंने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।
इसके बाद 21-22 जुलाई 2026 को सेंट जोसेफ स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित सीआईएससीई रीजनल एथलेटिक मीट 2026 में वाराणसी जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए आशिनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीते। वहीं 4×100 मीटर रिले में उनकी टीम ने स्वर्ण पदक और 4×400 मीटर रिले में रजत पदक अपने नाम किया।
आशिनी की इस उपलब्धि से न केवल उनका विद्यालय बल्कि पूरा आजमगढ़ गौरवान्वित है। अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है।
ग्रेटर नोएडा से पदकों के साथ लौटने पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों ने आशिनी देव यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


0 Comments