आजमगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 13 जून को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न करीब 11.50 बजे हेलीकॉप्टर से विश्वविद्यालय परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां वह सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 955 करोड़ 40 लाख रुपये लागत की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें विभिन्न विभागों की कुल 53 परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें 14 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 39 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार लोकार्पण की जाने वाली 14 परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 70 करोड़ 35 लाख रुपये है, जबकि 39 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जिनकी अनुमानित लागत 885 करोड़ 05 लाख रुपये है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
इन मार्गो पर होगा बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने 13 जून को बड़े वाहनों के लिए अस्थायी रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार मऊ और शाहगंज की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को छतवारा चौराहा से डायवर्ट कर नरौली चौराहा, जामुरी, चंदेश्वर चौराहा और पकड़ी होते हुए उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। इसी प्रकार शहर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। गाजीपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन जामुरी चौराहा से डायवर्ट होकर नरौली चौराहा, पकड़ी और चंदेश्वर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जामुरी चौराहा से छतवारा चौराहा होते हुए महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय जाने वाले मार्ग पर बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि छोटे वाहनों, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से छूट दी गई है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

0 Comments