लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन से पहले भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप और लू का असर बना रहा। हालांकि मौसम विभाग ने राहत के संकेत देते हुए कहा है कि 29 जून से मौसम करवट ले सकता है और 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में प्रभावी मौसमी गतिविधियों का अभाव है, जिसके चलते 28 जून तक लू का प्रकोप जारी रहेगा। इसके बाद तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है और इसके बाद बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।
शुक्रवार को राजधानी लखनऊ समेत बांदा, गाजीपुर, बलिया, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद में लू का प्रभाव रहा, जबकि लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच में तीव्र लू दर्ज की गई।
तापमान के लिहाज से लखीमपुर खीरी 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। हरियाणा के रोहतक में सर्वाधिक 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं बांदा और आगरा में 43 डिग्री, जबकि लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से प्रदेश में मौसम में बदलाव शुरू होगा और जहां वर्षा नहीं भी होगी, वहां भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिलेगी। 30 जून से व्यापक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अगले दो दिनों तक दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।

0 Comments