12 साल के बच्चे की हत्या से शुरू हुआ अपराध, 47 मुकदमों वाले 50 हजार के इनामी महताब का पुलिस एनकाउंटर में अंत!


शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी और कुख्यात बदमाश महताब उर्फ बेचैन मारा गया। मुकीम काला गैंग से जुड़े महताब पर हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और जानलेवा हमले सहित करीब 47 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ में एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि महताब का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब तीन बजे आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में दो किसान भाइयों से मोबाइल फोन, नकदी और बाइक की चाबी लूटकर भाग रहे बदमाशों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कांधला क्षेत्र के खंदरावली पुलिया के पास बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में महताब घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस ने किसान का लूटा गया मोबाइल, नकदी, बाइक की चाबी, एक 9 एमएम पिस्टल, कार्बाइन, 13 कारतूस, आठ खोखे और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
10 साल की उम्र में की थी पहली हत्या
पुलिस के अनुसार महताब ने वर्ष 2000 में महज 10 वर्ष की उम्र में 12 वर्षीय आरिफ की हत्या कर अपराध की दुनिया में कदम रखा था। आरोप है कि उसने दो अन्य किशोरों के साथ मिलकर आरिफ को घर से बुलाया और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। यह मामला आज भी जुवेनाइल कोर्ट में विचाराधीन है।
इसके बाद उसने लूट, हत्या, रंगदारी और डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अपना आपराधिक नेटवर्क बना लिया। वर्ष 2009 में हरियाणा में रोड होल्डअप के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के बाद वह कर्नाटक भाग गया था, जहां से पुलिस उसे गिरफ्तार कर वापस लाई थी।
47 मुकदमे, कई राज्यों में था आतंक
पुलिस के अनुसार महताब के खिलाफ शामली, सहारनपुर, पानीपत समेत विभिन्न जिलों में करीब 47 मुकदमे दर्ज थे। वह कैराना थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था और हाल ही में महिला आरक्षी से लूट तथा शुगर मिल के सहायक प्रबंधक से लूट की घटनाओं में वांछित चल रहा था। इन्हीं मामलों में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
29 जून तक न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम महताब के शव को कैराना स्थित पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पुलिस फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments