आजमगढ़ के इन क्षेत्रों के लिए पंचायत सहायक के 47 रिक्त पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 28 जून!



आजमगढ़। जनपद की ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउन्टेन्ट-कम-डाटा इण्ट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर जनपद की 47 ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों के सापेक्ष योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवालय, विकास खंड कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित प्रारूप पर आवेदन भरकर 13 जून से 28 जून 2026 तक व्यक्तिगत रूप से अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा किया जा सकता है।
बताया गया कि 10 से 12 जून के बीच संबंधित ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों की सूचना मुनादी एवं सूचना पट्ट के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 13 जुलाई से 19 जुलाई तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं संस्तुति की जाएगी। इसके उपरांत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी तरह शासनादेश में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
इन ग्राम पंचायतों में हैं रिक्त पद- अल्लीपुर, बरामदपुर, मिट्ठनपुर हादी अली, बहलोलपुर, जियापुर दक्षिणी, कुरेहरा तेज सिंह, कोसड़ा, छिड़ी जमीन छिड़ी, खांड, हरई स्माईलपुर, मिश्रपुर, सुरैना, बलुआ, मानिकपुर, कटवा, नरसिंह इब्राहिमपुर, पूरा अचानक, हसनपुर, चालाकपुर, मल्लूपुर कोहड़ी, जमीन फरेन्दा, फरीदपुर, हरखपुर, मोहब्बतपुर, सिक्ठी शाहमुहम्मदपुर, बद्दोपुर, तिवारीपुर, हेगापुर, सलारपुर, पिलखुआ, घिनहापुर, मेउड़िया, अवसानपुर, देवजदीद, जमीलपुर, पुरन्दरपुर, सिसवारा, मड़ैया मुहतोड़, शाहराजा, नौहरा, कुशलगांव, बबुरा व्योहारडीह, वीरभद्रपुर, परसूपुर, जलालपुर, पुनर्जी तथा रतनावे ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए यह अवसर ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments