आजमगढ़ : जिले में समाज कल्याण विभाग से जुड़े 51 लाख रुपये से अधिक के वेतन घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शासन द्वारा वेतन भुगतान पर रोक लगाए जाने के बावजूद 10 अवैध रूप से नियुक्त शिक्षकों को वेतन जारी करने के मामले में यह कार्रवाई हुई है। मामले में डीडी समाज कल्याण आर.के. चौरसिया की ओर से नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी और पटल सहायक सत्येंद्र बहादुर सिंह ने शासनादेश की अनदेखी करते हुए अवैध नियुक्त शिक्षकों को वेतन जारी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया। शिकायत मिलने के बाद मंडलायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जांच समिति गठित की थी। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ने अभिलेखों और संबंधित पक्षों की जांच के बाद पाया कि शासन की रोक के बावजूद 10 शिक्षकों को करीब 51.46 लाख रुपये का भुगतान किया गया। जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद 8 मई को नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार सुबह पुलिस ने राजेश चौधरी को कुंवर सिंह उद्यान के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। प्रकरण में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

0 Comments