राज्यपाल ने महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद में चार सदस्यों का किया नामांकन...इन्हें मिली नई जिम्मेदारी!



आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-20 की उपधारा-1(जी) के अंतर्गत महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ की कार्यपरिषद (Executive Council) के लिए तीन सामान्य एवं एक न्यायिक सदस्य का नामांकन किया है।
राजभवन, लखनऊ से 4 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार सामान्य सदस्य के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी के गणित विभाग के प्रो. अरविन्द कुमार मिश्रा, वीएसएसडी पीजी कॉलेज, कानपुर के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज अवस्थी तथा सेवानिवृत्त शिक्षाविद् डॉ. दीनानाथ सिंह को कार्यपरिषद का सदस्य नामित किया गया है।
इसके अतिरिक्त न्यायिक सदस्य के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री रंगनाथ पांडे को कार्यपरिषद में नामांकित किया गया है। राजभवन के आदेश के अनुसार सभी सदस्यों का यह नामांकन आदेश जारी होने की तिथि से दो वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
यह आदेश कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर एम. बोबड़े द्वारा जारी किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यपरिषद के नव-नामित सदस्यों के नामांकन का स्वागत करते हुए इसे विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Post a Comment

0 Comments