गर्मी के बीच छाया सर्दी जैसा कोहरा...जानिए क्यों बदला मौसम का मिजाज !



बरेली। मार्च के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी का असर बढ़ने लगता है, वहीं बरेली समेत आसपास के जिलों में इन दिनों मौसम के अजीब रंग देखने को मिल रहे हैं। बुधवार की सुबह शहर से लेकर देहात तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। इससे पहले मंगलवार को भी सुबह के समय कोहरा छाया रहा और दिनभर हल्की धुंध बनी रही। बरेली के अलावा बदायूं और शाहजहांपुर जिलों के कई इलाकों में भी सुबह घना कोहरा देखा गया। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा और वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक सुबह के समय कोहरा और दिन में धुंध बने रहने की संभावना है। इस कारण सुबह के समय ठंडक का एहसास भी हो रहा है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे मौसम सामान्य हो जाता है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल अग्रवाल के अनुसार प्रदेश के निचले क्षोभमंडल में चल रही आर्द्र पुरवा हवा में नमी की अधिकता के कारण सुबह के समय कोहरा और दिन में धुंध की स्थिति बन रही है। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा, लेकिन कोहरा और धुंध की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च से प्रदेश में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। इसके चलते तराई क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में इस सीजन की पहली हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बदायूं जिले में बुधवार सुबह कोहरा इतना घना था कि सड़कों पर कुछ दूरी तक ही दिखाई दे रहा था। ऐसे में वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर और धीमी गति से वाहन चलाना पड़ा। खासकर हाईवे और मुख्य मार्गों पर चालक बेहद सावधानी बरतते नजर आए। कोहरे के कारण सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और राहगीरों को भी आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर देर तक कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन पर हल्का असर देखा गया। हालांकि दोपहर तक धूप निकलने के साथ ही कोहरा धीरे-धीरे छंट गया और मौसम सामान्य हो गया।

Post a Comment

0 Comments