लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह घनी धुंध के कारण एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित हो गया। कम दृश्यता के चलते हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की एक उड़ान लखनऊ एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी और उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा कई घरेलू उड़ानें भी देरी से रवाना हुईं, जबकि खाड़ी देशों के लिए कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार सुबह से छाई धुंध के कारण दृश्यता काफी कम रही। इसी वजह से हैदराबाद से सुबह 8:05 बजे लखनऊ पहुंची इंडिगो की उड़ान (6ई-608) को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। बाद में विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। वहीं लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-2108), जो सुबह 6:10 बजे रवाना होनी थी, करीब एक घंटे की देरी से उड़ान भर सकी। इसी तरह सुबह 6:15 बजे दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान (एक्सवाई-897) निर्धारित समय से काफी देर बाद सुबह 9:05 बजे रवाना हुई। इसके अलावा लखनऊ से सुबह 8:45 बजे बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-325) भी लगभग सवा घंटे की देरी से सुबह 10 बजे रवाना हो सकी।
उधर, ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है। इसके चलते अबूधाबी से सुबह 6:05 बजे लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-1416) को रद्द कर दिया गया। इसी तरह शारजाह से सुबह 7:05 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-1424) भी रद्द रही। इसके अलावा दम्माम से शाम 8 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-98) भी रद्द कर दी गई। वहीं लखनऊ से शाम 8:35 बजे अबूधाबी जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-1415), रात 9 बजे दम्माम जाने वाली उड़ान (6ई-97) और रात 10 बजे शारजाह जाने वाली उड़ान (6ई-1423) को भी रद्द कर दिया गया। धुंध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण उड़ानों में आई इस बाधा से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

0 Comments