वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में मना महाशिवरात्रि पर्व...भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में अपनाने का दिया संदेश !



आजमगढ़। आईकॉनिक स्कूल ऑफ आजमगढ़, वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
आकर्षक शिव बारात और विवाह मंचन
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भव्य शिव बारात निकाली। महादेव दूल्हा के रूप में सजे छात्र तथा भूत-प्रेत व गणों के वेश में सजे अन्य बच्चों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इसके पश्चात शिव-पार्वती विवाह का मंचन प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। शिव की भूमिका में रुद्रांश गौड़ तथा पार्वती की भूमिका में ईशानवी ने उत्कृष्ट अभिनय कर सभी अभिभावकों और शिक्षकों को भाव-विभोर कर दिया।
महाशिवरात्रि का संदेश
प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने विद्यार्थियों को महाशिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, संयम, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
शिक्षकों और पुलिस का सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में आरती सिंह, कुमकुम दुबे, उजाला गुप्ता, सुप्रिया राय, अर्जुन तथा रमन सहित समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। शिव बारात को सुरक्षित रूप से निकालने और शिव मंदिर तक ले जाने व वापस लाने में बनकट पुलिस चौकी का सराहनीय सहयोग रहा, जिसके लिए विद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पुलिस प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास से ओत-प्रोत नजर आया।

Post a Comment

0 Comments