आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह ने पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और दो पंडितों की मौत की सूचना है। घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अरविंद सिंह के घर में मंगलवार शाम पूजा चल रही थी। घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। घर में पूजा होते देख उसने पंडितों से सवाल किया। पंडितों ने पूजा किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद अरविंद ने उनसे आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया। आधार कार्ड मांगने को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता के साथ पंडित महेंद्र पाठक और एक अन्य पंडित के घायल होने की बात सामने आई है। घटना में तीनों की मौत की सूचना है।
प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है। फायरिंग होते ही पूजा में मौजूद अन्य पंडित मौके से भाग निकले। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में हथियार और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मौतों और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच तथा पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी।

0 Comments