आजमगढ़। गम्भीरपुर पुलिस से हुई मुठभेड़ में एटीएम ठगी, चोरी व लूट करने वाला अन्तर्जनपदीय शातिर आरोपी संजय कुमार (निवासी सुल्तानपुर) गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, एटीएम कैश टैपिंग उपकरण, 01 अर्टिगा कार समेत भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। सोमवार की भोर में चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एटीएम ठगी में वांछित अभियुक्त अर्टिगा कार से ठेकमा बाजार होते हुए आजमगढ़ की ओर जा रहा है। रोहुआ मुस्तफाबाद के पास घेराबंदी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी। समय लगभग 03.45 बजे घायल अभियुक्त को हिरासत में लेकर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसर पर स्ट्रिप/पट्टी लगाकर नकदी फंसा देता था। ग्राहक के असफल ट्रांजेक्शन के बाद वह पट्टी हटाकर फंसी हुई नकदी निकाल लेता था। थाना गम्भीरपुर पर मु0अ0सं0 30/2026 धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास पूर्व से दर्ज है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, मधुवन कुमार सिंह का कहना है कि “एटीएम कैश टैपिंग के जरिए ठगी करने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय अभियुक्त को थाना गम्भीरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से अवैध हथियार, एटीएम ठगी के उपकरण और वाहन बरामद हुए हैं। अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।”

0 Comments