कानपुर। कैंट थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर दो लाख रुपये नकद और बाइक की मांग पूरी न होने पर उसे बेचने तथा जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता मूल रूप से कल्याणपुर क्षेत्र की रहने वाली है। उसका विवाह कैंट थाना क्षेत्र निवासी एक युवक से हुआ था। महिला के मुताबिक, शादी के शुरुआती कुछ महीने सामान्य रहे, लेकिन इसके बाद पति का व्यवहार बदल गया। वह छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगा और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
महिला का आरोप है कि सितंबर 2025 में पति ने अचानक उससे दो लाख रुपये नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल की मांग की। असमर्थता जताने पर पति ने उसे केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि पति घर पर अज्ञात लोगों को बुलाने लगा और शराब पिलाकर उनके साथ जबरन संबंध बनाने का दबाव डालता था। पीड़िता के अनुसार, 27 सितंबर 2025 की रात आरोपी पति चार लोगों को घर लाया और कथित तौर पर कहा कि उसने पत्नी को उनके हाथों बेच दिया है। विरोध करने पर महिला को एक कमरे में बंद कर दिया गया। उसे भूखा-प्यासा रखा गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई।
किसी तरह मौका मिलते ही महिला ने अपने मायके वालों को सूचना दी। उसका भाई मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने 112 आपातकालीन सेवा पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। कैंट थाने में पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोप सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संकेत दिया है कि मामले में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी जैसी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

0 Comments