लखनऊ। प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार, 18 फरवरी से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों, आगरा, अलीगढ़, दिल्ली से सटे जिलों तथा बुंदेलखंड के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बादलों की सक्रियता बढ़ने से रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
प्रदेशभर में दिन के तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि देखने को मिल रही है। झांसी, प्रयागराज, वाराणसी सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच चुका है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि खासतौर पर आगरा व आसपास के जिलों के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में हल्की वर्षा संभव है।
मंगलवार को 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं हमीरपुर में 31.2 डिग्री और प्रयागराज में 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो 15.4 डिग्री सेल्सियस के साथ इटावा में सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई।

0 Comments