आजमगढ़: देवेंद्र यादव बने 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के रेफरी...वाराणसी में 4 से 11 जनवरी तक होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता!



आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। सदर तहसील अंतर्गत गांव मूसेपुर के निवासी एवं प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी देवेंद्र कुमार यादव को 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चौंपियनशिप (पुरुष एवं महिला)-2026 में निर्णायक/रेफरी के रूप में नियुक्त किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 04 से 11 जनवरी तक वाराणसी में आयोजित की जा रही है।
देवेंद्र यादव वर्तमान में लखनऊ में वॉलीबॉल कोच के पद पर कार्यरत हैं और उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के पंजीकृत स्टेट रेफरी भी हैं। इससे पूर्व भी वह कई राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्वक निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उन्हें रेफरी नियुक्त किए जाने पर जिला वॉलीबॉल संघ आजमगढ़ सहित खेल जगत में खुशी की लहर है।
खेल जगत ने दी शुभकामनाएं
देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी पर जिला वॉलीबॉल संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, सचिव रविकांत यादव सहित शशिकांत यादव, योगेंद्र यादव, जयनाथ यादव, राशिद खान, वीरेंद्र सिंह, राकेश, संजय, विनोद, पंकज, डॉ. विनय यादव, अतीक, फैयाज, सोहराब, गुंजन, मनीष, राजीव राय सहित अनेक खिलाड़ियों एवं वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने बधाइयां देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देवेंद्र यादव ने राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में निर्णायक बनाए जाने पर उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ एवं जिला वॉलीबॉल संघ आजमगढ़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्पक्षता, ईमानदारी और खेल भावना के साथ निभाएंगे।

Post a Comment

0 Comments