आजमगढ़। जिले में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब मंडलीय कारागार में बंद एक हत्या का आरोपी बंदी जिला अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी खलबली मची हुई है। फरार बंदी की पहचान उदय उर्फ गुजराती पुत्र जसवंत, निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है, जिसका हाल पता गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, उदय उर्फ गुजराती को हत्या के मामले में गोरखपुर की जेल से 6 सितंबर 2021 को प्रशासनिक आधार पर आजमगढ़ मंडलीय कारागार में शिफ्ट किया गया था। करीब चार वर्षों से वह यहां न्यायिक हिरासत में था।
जेल अधिकारियों ने बताया कि बंदी लंबे समय से पाइल्स और ब्लड की कमी (एनीमिया) की समस्या से जूझ रहा था। हर 15 दिन में उसे चिकित्सा परीक्षण और इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया जाता था।
उसी सिलसिले में उसे फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 दिसंबर की भोर करीब 3.30 बजे बंदी शौच जाने के बहाने उठा। इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाकर अस्पताल में तैनात जेल सुरक्षा कर्मियों को चकमा दे दिया और फरार हो गया। काफी देर तक पहरेदारों को जब वह दिखाई नहीं पड़ा तो उन्होंने अस्पताल परिसर में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद तत्काल जेल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही जेल के आला अधिकारी और पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। पूरी रात चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बावजूद बंदी का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद कोतवाली आजमगढ़ में बंदी फरार होने की मुकदमा दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और आसपास के जनपदों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। घटना ने एक बार फिर जिला अस्पतालों में बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल प्रशासन और सुरक्षा कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

0 Comments