आजमगढ़। सर्वदेव आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, इटौरा, चण्डेश्वर में फ्रेशर पार्टी का आयोजन बड़े हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेन्द्र यादव (प्रबंधक), सर्वाेदय ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन, आजमगढ़ रहे। उन्होंने भगवान धन्वन्तरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कल्याण कुमार कराड़ी ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं को आयुर्वेदिक शिक्षा के सामाजिक महत्व और उनके उत्तरदायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न अंग है।
संस्था के सीईओ संजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा एक महत्वपूर्ण और निःस्वार्थ सेवा का क्षेत्र है, जिसे अत्यधिक व्यवसायिक बनाए जाने से बचाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा भाव के साथ आयुर्वेद को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आरंभ छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. राजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह चिकित्सा पद्धति आने वाले समय में और अधिक प्रासंगिक होने जा रही है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कृष्णमोहन त्रिपाठी (प्रबंधक), सर्वदेव आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम सराहनीय रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से यह संस्थान आयुर्वेद शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के लिए मिस्टर फ्रेशर धर्मेन्द्र व मिस फ्रेशर अंशिका अरुण सिंह को चुना गया। कार्यक्रम में डॉ. अरुणा दास, डॉ. अमरेन्द्र तिवारी (प्राचार्य, धनपत्ती धर्मा डिग्री कॉलेज), डॉ. आशीष गुप्ता (प्राचार्य, फार्मेसी कॉलेज), डॉ. मन्जू जॉन (प्राचार्या, ऑल इंडिया चिल्ड्रेन केयर एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी नर्सिंग कॉलेज), डॉ. योगिता जैन एवं श्री श्याम सोम दूबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments