अमजद साहब के पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि...श्रद्धापूर्वक मनाई गई पूर्व विधायक अमजद अली वकील की 29वीं पुण्यतिथि।


आजमगढ़। अमजद अली इंटरमीडिएट कॉलेज मोहम्मदपुर,में विद्यालय के संस्थापक, प्रख्यात शायर, गरीबों के मसीहा एवं निजामाबाद के पूर्व विधायक स्वर्गीय अमजद अली वकील की 29वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष नदीम अमजद ने की, जबकि संचालन आलोक कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ तिलावत-ए-क़लाम पाक से हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिठाई लाल ने कहा कि अमजद साहब के पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया कि ‘गांव की ओर लौटो’ के विचार से प्रेरित होकर अमजद साहब ने वर्ष 1941 में मोहम्मदपुर में एक मकतब की नींव रखी, जो आज अमजद अली इंटरमीडिएट कॉलेज के रूप में शिक्षा का केंद्र बना हुआ है। वर्तमान में यहां विज्ञान, मानविकी एवं वाणिज्य वर्ग की शिक्षा दी जा रही है तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं जिला व मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि अमजद साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके विचारों को अपने आचरण में उतारें। ओमप्रकाश मिश्रा ने विद्यालय के पूर्व प्रबंधक अज़फर ग़ज़नवी एवं अध्यक्ष डॉ. असद की कमी को याद करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही इस मिशन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा “अमजद को ढूंढना वह मिलेगा वहीं कहीं,
इल्मो-अमल की जब कोई दुनिया दिखाई दे।” मोहम्मद आज़म ने कहा कि अमजद साहब द्वारा प्रज्वलित ज्ञान की ज्योति अनंत काल तक उनके नाम को रोशन करती रहेगी। उप प्रबंधक अदील अमजद ने समाज की उन्नति के लिए ईमानदारी से कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि सफलता भले ही तुरंत न मिले, लेकिन निरंतर प्रयास से एक दिन अवश्य मिलती है। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जमाल अमजद ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति को फर्श से अर्श तक पहुंचाने की क्षमता रखती है। इसलिए शिक्षा के महत्व को समझकर उसे जीवन में सर्वाेच्च स्थान देना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नदीम अमजद ने कहा कि अमजद साहब के मिशन को आगे बढ़ाना ही हमारा लक्ष्य है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा “ख़ाकसारों में रहा ख़ाकसारों की तरह, ज़रपरस्तों में चला अमजद तो सहाना चला।”
इस अवसर पर विद्यालय के उन छात्र-छात्राओं को, जिन्होंने जिला एवं मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया था, अध्यक्ष द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही छात्रों को शाल एवं कंबल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जमीर अहमद, अंसार अहमद, विपुल कुमार श्रीवास्तव, शेषनाथ पांडेय, मोहम्मद आज़म, रामदरस, मिठाई लाल, विवेक यादव, मानिकचंद यादव, सोहराब अहमद, जफर आलम, तौफीक अहमद, मोहम्मद तारीक, ओमप्रकाश मिश्रा, लुकमान, नूरुद्दीन, फहीम, अली शब्बर, एजाज अहमद, मूसई यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments