पूर्व प्रधान की पत्नी की गला कसकर हत्या...लूट के बाद कत्ल की आशंका!



लखनऊ। हरदोई जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बलेहरा गांव में पूर्व ग्राम प्रधान की पत्नी की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपराधियों ने महिला का इलेक्ट्रिक प्रेस के तार से गला कसकर कत्ल किया। घर के अंदर चारपाई पर शव मिलने से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। मृतका की पहचान सावित्री सिंह (55) के रूप में हुई है, जो पूर्व ग्राम प्रधान रणवीर सिंह की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह का निधन हो चुका है और उनके दोनों विवाहों से बेटे लखनऊ में रहते हैं। सावित्री सिंह गांव में अकेली रहती थीं।
मंगलवार को पूरे दिन जब सावित्री सिंह घर से बाहर नहीं निकलीं तो पड़ोसियों को शक हुआ। मंगलवार-बुधवार की रात जब परिजन गांव पहुंचे और घर का दरवाजा खोला तो अंदर का मंजर देख सभी सन्न रह गए। चारपाई पर पड़ा शव और गले में कसा हुआ प्रेस का तार इस बात की गवाही दे रहा था कि हत्या बेहद क्रूरता और सुनियोजित तरीके से की गई है।
परिजनों का आरोप है कि हत्या से पहले घर में लूटपाट की गई। मृतका के कुंडल और अन्य कीमती आभूषण गायब हैं, जिससे पुलिस भी इसे लूट के बाद हत्या का मामला मानकर चल रही है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए कई जांच टीमें गठित की गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments