आजमगढ़ में अलसुबह 10 हजार इनामी को लगी पुलिस की गोली...नरदह पुलिया के पास हुई मुठभेड़!



आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के थाना सरायमीर क्षेत्र में बुधवार भोर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चोरी के मामले में वांछित 10 हजार रुपये का इनामिया अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित और इनामिया अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सरायमीर निरीक्षक निहार नन्दन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि इनामिया अभियुक्त लालमन यादव नन्दांव बाजार की ओर से सरायमीर की तरफ आ रहा है।
नरदह पुलिया के पास घेराबंदी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नरदह पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी में रुकने का इशारा किया, लेकिन अभियुक्त भागने लगा। खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल अभियुक्त की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लालमन यादव पुत्र श्यामलाल यादव, निवासी भक्तिन का पूरा सरैया, थाना गोसाईंगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। वह 10,000 रुपये का घोषित इनामिया अपराधी है। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
मौके से हथियार व नकदी बरामद
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक मिस कारतूस .315 बोर, ₹540 नगद बरामद किया है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अवनीश तिवारी (निवासी दौलताबाद, थाना जहानगंज) के साथ मिलकर मार्च 2025 में थाना सरायमीर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर स्थित एक मोबाइल टावर से बैटरियों की चोरी की थी।
पहले से दर्ज है मुकदमा
इस चोरी के संबंध में दिनांक 06 मार्च 2025 को थाना सरायमीर पर मु0अ0सं0 86/25, धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त तभी से फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लालमन यादव के खिलाफ आजमगढ़ और अयोध्या जनपद में चोरी व आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे वह शातिर अपराधी माना जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निहार नन्दन कुमार सहित उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments