आजमगढ़ : नेहरू हाल में जुटा देशभर का मध्यदेशीय वैश्य समाज, राष्ट्रीय बैठक में संगठन की शक्ति का प्रदर्शन 14 राज्यों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी, सेवा–संकल्प और एकजुटता का लिया गया प्रण!




आजमगढ़। स्थानीय नेहरू हाल सभागार आज मध्यदेशीय वैश्य समाज की ऐतिहासिक एकजुटता का साक्षी बना, जब समाज के एकमात्र राष्ट्रीय पंजीकृत संगठन मध्यदेशीय वैश्य महासभा की राष्ट्रीय फिजिकल बैठक ध्वजारोहण के साथ भव्य रूप से आरंभ हुई। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश के 14 राज्यों से आए राष्ट्रीय व प्रांतीय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिससे यह बैठक राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की ताकत और सक्रियता का प्रतीक बन गई।
बैठक की शुरुआत माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार गुप्ता के प्रेरक स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने संगठन की अब तक की यात्रा, सामाजिक जिम्मेदारियों और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात उत्तर प्रदेश प्रांतीय समिति के अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने सभी आगंतुक अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।
प्रांतीय महामंत्री गिरीश चंद गुप्ता ने उत्तर प्रदेश इकाई का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।
बैठक को और अधिक व्यापक स्वरूप देते हुए विभिन्न राज्यों से आए प्रांतीय प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने राज्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें संगठन विस्तार, सामाजिक सेवा और स्थानीय स्तर पर किए गए कार्यों का ब्यौरा शामिल रहा।
वित्तीय पारदर्शिता को रेखांकित करते हुए राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता ने राष्ट्रीय कोष की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने आय–व्यय विवरण के साथ वर्ष 2025 तक के ऑडिट और आयकर विवरणी की जानकारी साझा की, जिसे सदन ने सराहा।
राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट प्रफुल्ल गुप्ता एवं संगठन महामंत्री सुरेश गुप्ता ने संगठनात्मक ढांचे, भविष्य की योजनाओं और राष्ट्रीय प्रतिवेदन को विस्तार से रखा। इस दौरान संगठन को और मजबूत करने पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय संरक्षक पारसनाथ गुप्ता के ऊर्जावान और ओजपूर्ण उद्बोधन ने पूरे सभागार में जोश भर दिया। उन्होंने समाज को संगठित रहकर सामाजिक दायित्व निभाने का संदेश दिया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने समाज के सभी घटकों से एकजुट होकर संगठन हित और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने वृक्षारोपण को “जीवनदायिनी सेवा”, रक्तदान को “महादान” बताते हुए चिकित्सा शिविर, परित्यक्त व असहाय लोगों की सहायता तथा मानव सेवा के कार्यों को संगठन की प्राथमिकता बताया।
बैठक के समापन पर रक्तदान, वृक्षारोपण, अन्न-वस्त्र वितरण और वृद्धाश्रम सेवा जैसे कार्यों में विशेष योगदान देने वाले सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी आगंतुक प्रतिनिधियों और आयोजक मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर गिरीश चंद गुप्ता, संतोष गुप्ता, रतन गुप्ता, नीलम गुप्ता, सीमा गुप्ता, डॉ ऋचा योगमयी, सुरेश गुप्ता, पवन मद्धेशिया, दीनदयाल गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments