आजमगढ़ का डंका दिल्ली में गूंजा...‘आइडियल बुलडोजर’ ने 23वें ईवी एक्सपो में रचा इतिहास 400 कंपनियों को पछाड़कर जीता बेस्ट अवार्ड


आजमगढ़ / नई दिल्ली। पूर्वांचल के औद्योगिक मानचित्र पर आजमगढ़ ने एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 23वें ईवी एक्सपो में आजमगढ़ की आईएनएस ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड ने देश-विदेश की करीब 400 कंपनियों को पीछे छोड़ते हुए ‘बेस्ट अवार्ड’ अपने नाम कर लिया। यह एक्सपो 19 से 21 दिसंबर तक चला और इसे ईवी सेक्टर का सबसे बड़ा मंच माना जा रहा है।
आईएनएस ऑटोमोबाइल, जो ‘आइडियल बुलडोजर’ ब्रांड नाम से ई-रिक्शा का निर्माण करती है, ने अपनी बेहतर तकनीक, जबरदस्त मजबूती और कमाई की उच्च क्षमता के कारण निर्णायक मंडल का ध्यान खींचा। खास बात यह रही कि एक्सपो के पूरे आयोजन का स्पॉन्सर भी आईएनएस ऑटोमोबाइल को बनाया गया—जो किसी उभरती हुई कंपनी के लिए राष्ट्रीय स्तर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कंपनी के निदेशक एस.के. सत्येन ने इस ऐतिहासिक सफलता पर कहा,
“एक समय हम ऐसे मंचों पर भाग लेने का सपना देखते थे, आज उसी मंच के स्पॉन्सर बनकर बेस्ट अवार्ड हासिल करना हमारे लिए अविस्मरणीय क्षण है।”
एक्सपो के दौरान आईएनएस ऑटोमोबाइल के स्टॉल पर देश के अलग-अलग राज्यों से आए डीलरों, उद्यमियों और ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने बुलडोजर ई-रिक्शा की मजबूती, डिजाइन और बेहतर मुनाफे की क्षमता को करीब से देखा और सराहा, जिसका सीधा असर इस सम्मान के रूप में सामने आया।
ईवी सेक्टर में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों के बीच आइडियल बुलडोजर ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से निकली कंपनियां भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नेतृत्व कर सकती हैं। यह उपलब्धि सिर्फ एक कंपनी की नहीं, बल्कि आजमगढ़ जिले और पूरे पूर्वांचल के लिए गौरव का विषय है।

Post a Comment

0 Comments